हथबंद। ग्राम पंचायत हथबंद की सरपंच दालेश्वरी नरेश अनंत ने ग्राम निवासी दिलीप कुमार यादव के विरुद्ध थाना हथबंद में शिकायत दर्ज कराते हुए फर्जी चेक तैयार करने, कूटरचित दस्तावेज बनाने, शासन-प्रशासन को गुमराह करने तथा कथित रूप से उगाही का प्रयास करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
सरपंच द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, आरोप है कि दिलीप कुमार यादव ने कथित रूप से सरपंच और पंचायत सचिव के हस्ताक्षरों की नकल कर जिला सहकारी बैंक, हथबंद का ₹50,000 का फर्जी चेक तैयार किया तथा उससे जुड़ी भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रसारित की। शिकायत में कहा गया है कि इससे उनकी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा और ग्राम पंचायत की छवि को गंभीर क्षति पहुंची है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त प्रचार-प्रसार के आधार पर विभागीय जांच समिति गठित की गई, जबकि कलेक्टर को प्रस्तुत दस्तावेज कथित रूप से अवैध और भ्रामक बताए गए हैं। सरपंच का आरोप है कि यह पूरा घटनाक्रम उन्हें बदनाम करने, शासन-प्रशासन को गुमराह करने तथा कथित रूप से धन उगाही के उद्देश्य से किया गया।
सरपंच ने शिकायत में यह भी दावा किया है कि उनसे ₹50,000 की मांग की गई थी और राशि नहीं देने पर उनके विरुद्ध कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर विभिन्न शिकायतें की गईं। उनका कहना है कि इससे उनकी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
सरपंच ने पुलिस से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कूटरचना, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, शासन-प्रशासन को गुमराह करने तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
नोट: यह समाचार सरपंच द्वारा पुलिस को दिए गए शिकायत आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में आरोपी पक्ष का संस्करण प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
Angry

Editor in Chief
PNBCGNews.in
