कलश यात्रा के साथ सामूहिक आदर्श विवाह संपन्न, 34 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे

सामाजिक

बलौदाबाजार।
तहसील साहू संघ बलौदाबाजार तथा परिक्षेत्र बलौदाबाजार, रिसदा, अर्जुनी और नगर बलौदाबाजार के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम कंजी में गुरुवार को भव्य सामूहिक आदर्श विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर Sahu Samaj सहित अन्य समाजों के कुल 34 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंधे और अपने नए जीवन की शुरुआत की। यह आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए सामाजिक एकता, सादगी और सहयोग की मिसाल बनकर सामने आया।
कार्यक्रम की शुरुआत माता कर्मा की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद पारंपरिक कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर गांव की गलियों में शोभायात्रा निकाली। इस यात्रा के माध्यम से समाज में एकता, परंपरा और संस्कार का संदेश दिया गया।
इसके पश्चात विवाह समारोह की मुख्य रस्में प्रारंभ हुईं, जहां सभी 34 जोड़े वैदिक मंत्रों और पारंपरिक विधि-विधान के साथ विवाह बंधन में बंधे। पंडितों के मंत्रोच्चार और परिजनों की उपस्थिति में वर-वधू ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
समारोह में पहुंचे अतिथियों का आयोजकों और पदाधिकारियों द्वारा फूलमाला एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध और मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की।
इस अवसर पर Sandeep Sahu ने कहा कि सामूहिक विवाह की परंपरा साहू समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1975 में साहू समाज ने केवल 5 जोड़ों के विवाह से इस अभियान की शुरुआत की थी, जो आज एक बड़े सामाजिक आंदोलन का रूप ले चुका है। सामूहिक विवाह से अनावश्यक दिखावा और फिजूलखर्ची कम होती है तथा समाज में भाईचारा और समरसता को बढ़ावा मिलता है।
वहीं Dr. Nirendra Sahu ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं और समाज को सादगी, संस्कार तथा सहयोग का संदेश देते हैं।
कार्यक्रम को Indra Saw ने भी संबोधित करते हुए सामूहिक विवाह की परंपरा को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि समाज के पुरखों का जो सपना था, उसे आज समाज साकार कर रहा है और इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर जिला साहू संघ अध्यक्ष सुनील साहू, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, संरक्षक रेवाराम साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *