बिलासपुर मे पत्रकारिता की आड भयादोहन ,तीन लोगो पर एफ आई आर

क्राइम

संपादक पवन बघेल PNB CG NEWS तिल्दा नेवरा रायपुर

बिलासपुर में पत्रकारिता की आड़ में भयादोहन: तीन लोगों पर FIR दर्ज

बिलासपुर। पत्रकारिता की आड़ में भयादोहन कर जबरन पैसे वसूलने की कोशिश करने वाले तीन कथित पत्रकारों के खिलाफ बिलासपुर के सिविल लाइन थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। वार्ड नंबर 19 कस्तूरबा नगर के पार्षद भरत कश्यप की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पार्षद ने आरोप लगाया है कि नीरज शुक्ला उर्फ अप्पू शुक्ला, संतोष मिश्रा और जिया उल्ला नाम के तीन व्यक्ति उनके ऑफिस में घुस आए और 50 हजार रुपये की जबरन मांग करने लगे।

पार्षद भरत कश्यप ने पुलिस को बताया कि जब वे अपने कार्यालय में बैठे हुए थे, तभी तीनों आरोपी पहुंचे और खुद को पत्रकार बताते हुए उन पर एक लड़की के साथ अवैध संबंध का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके पास इस कथित मामले की “बाइट” है और अगर उन्हें 50 हजार रुपये नहीं दिए गए, तो वे इस खबर को वायरल कर देंगे। पार्षद ने इसे सीधा भयादोहन और ब्लैकमेलिंग करार दिया और तत्काल सिविल लाइन थाना पहुंचकर इसकी लिखित शिकायत की।

शिकायत की पुष्टि के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) और 3(5) के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर ली है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि जिन तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, उनमें से दो पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति के हैं।

सूत्रों के अनुसार, नीरज शुक्ला उर्फ अप्पू शुक्ला के खिलाफ पहले भी कई थानों में एफआईआर दर्ज हो चुकी है। लोग बताते हैं कि अप्पू शुक्ला जुएं का फड़ चलाने के लिए भी जाना जाता रहा है और उसकी पुरानी गतिविधियों पर पहले भी पुलिस की नजर रही है। वहीं जिया उल्ला नामक आरोपी पर पहले से ही भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज है और वह इस मामले में जेल भी जा चुका है।

पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। इस घटनाक्रम ने एक बार फिर से उस चिंता को हवा दी है कि कैसे कुछ लोग पत्रकारिता जैसे जिम्मेदार और पवित्र पेशे की आड़ में अपने निजी हितों को साधने में लगे हुए हैं।

कुछ वरिष्ठ स्थानीय पत्रकारों ने भी इस घटना की निंदा की है और स्पष्ट किया है कि ऐसे लोग जो पत्रकारिता के मूल्यों को कलंकित करते हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाना चाहिए। वहीं, समाज के जिम्मेदार वर्गों में भी इस घटनाक्रम को लेकर गहरी नाराज़गी देखी जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि तथ्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।

सिविल लाईन थाना प्रभारी सुम्मत साहू ने इस घटना की पुष्टि करते हुए मीडिया को बताया कि पार्षद की शिकायत पर नीरज शुक्ला उर्फ़ अप्पू शुक्ला जिया उल्ला और संतोष मिश्रा के ख़िलाफ़ FIR दर्ज की गई है

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *