PNBCG NEWS तिल्दा नेवरा पवन बघेल
तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक पीड़ित महिला किसान ने पुलिस पर एफ.आई.आर. में आरोपियों के नाम न जोड़ने का आरोप लगाते हुए अनुविभागीय दण्डाधिकारी (SDM) तिल्दा नेवरा के समक्ष लिखित आवेदन प्रस्तुत किया है।
पीड़िता आशादेवी साहू ने बताया कि वर्ष 2024 में उन्हें माननीय सिविल कोर्ट रायपुर के आदेशानुसार लगभग 11.5 एकड़ कृषि भूमि प्राप्त हुई थी। उक्त भूमि पर उन्होंने धान की फसल लगाई थी, जिसे आरोपियों द्वारा चोरी कर लिया गया था। इस मामले में थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 0606/2024 दर्ज किया गया, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।
पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2025 में उन्हीं आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पुनः धान फसल की चोरी की। इस संबंध में उन्होंने दिनांक 20.11.2025 को थाना तिल्दा नेवरा में लिखित शिकायत दी थी, जिसमें कुल 08 आरोपियों के नाम स्पष्ट रूप से दर्ज थे और इसकी पावती भी पुलिस द्वारा दी गई थी।
इसके बावजूद, पुलिस द्वारा दिनांक 04.01.2026 को दर्ज एफ.आई.आर. क्रमांक 0007/2026 में सभी आरोपियों के नाम शामिल नहीं किए गए, जिससे पीड़िता ने असंतोष जताया है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित आरोपी धनबल और दबंगई के बल पर उन्हें, उनके पति और परिवारजनों को बार-बार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ पूर्व में 06 आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी भी आवेदन में दी गई है।
पीड़िता के अनुसार आरोपियों के भय के कारण क्षेत्र के मजदूर खेत में काम करने से डरते हैं, जिससे वह अपनी ही भूमि पर खेती नहीं कर पा रही हैं। मामले को लेकर पीड़िता ने SDM से मांग की है कि—
एफ.आई.आर. में सभी 08 आरोपियों के नाम जोड़े जाएं
आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए
चोरी में प्रयुक्त हार्वेस्टर व वाहन जब्त किए जाएं
पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए
फिलहाल मामला प्रशासन के संज्ञान में है और पीड़िता को न्याय मिलने की उम्मीद है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
Angry

Editor in Chief
PNBCGNews.in
