बलौदाबाजार अंधेकत्ल का सनसनीखेज खुलासा, पत्नी समेत 04 आरोपी गिरफ्तार

क्राइम

PNBCG NEWS तिल्दा नेवरा से पवन बघेल

बलौदाबाजार।
जिले के हथबंद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मजगांव के पास रेलवे लाइन में मिले बिना सिर के युवक के शव के अंधेकत्ल मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस जघन्य हत्या के मामले में मृतक की पत्नी, उसका मामा ससुर तथा दो सुपारी किलर सहित कुल 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की पहचान छुपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने युवक का सिर धड़ से अलग कर दिया, धड़ को रेलवे लाइन पर फेंक दिया गया, जबकि सिर को ग्राम डिग्गी में गड्ढा खोदकर दबा दिया गया।


पत्नी बनी पति की हत्या की साजिशकर्ता


पुलिस के अनुसार मृतक गैस कुमार जोशी अपनी पत्नी के साथ लगातार विवाद, मारपीट एवं अमानवीय व्यवहार करता था, जिससे परेशान होकर पत्नी कुसुम जोशी ने अपने मामा राजेश भारती के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। योजना को अंजाम देने के लिए दो सुपारी किलर को ₹40,000 में हत्या की सुपारी दी गई।


पार्टी के बहाने बुलाकर की गई हत्या


सुनियोजित योजना के तहत मृतक को पार्टी के बहाने ग्राम दरचुरा बुलाया गया। वहां अत्यधिक शराब पिलाकर उसे नशे की हालत में किया गया, फिर गंभीर मारपीट कर बेहोश कर दिया गया। इसके बाद कार से उसे ग्राम मजगांव रेलवे लाइन के पास ले जाकर धारदार तलवार से गला काटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद धड़ रेलवे लाइन में फेंका गया और सिर को अलग स्थान पर छुपाया गया।


04 दिन में हुई शव की पहचान


दिनांक 11 जनवरी 2026 को प्रातः लगभग 4:30 बजे हथबंद-भाटापारा रेलवे लाइन के पास बिना सिर का अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस के सामने शव की पहचान सबसे बड़ी चुनौती थी। लगातार सर्च अभियान, ग्रामीणों से पूछताछ, सोशल मीडिया प्रचार, सीसीटीवी फुटेज एवं साइबर तकनीकी विश्लेषण के बाद चार दिन में मृतक की पहचान गैस कुमार जोशी (39 वर्ष), निवासी ग्राम भोथीडीह, जिला बेमेतरा के रूप में हुई।


तकनीकी जांच से खुली अंधेकत्ल की गुत्थी


पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा गहन विवेचना, पीएम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्य एवं पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया गया। अनुसंधान के दौरान हत्या में प्रयुक्त कार, तलवार, मोबाइल फोन सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं।


गिरफ्तार आरोपी


दारासिंह अनंत (44 वर्ष) – निवासी ग्राम डिग्गी, थाना भाटापारा ग्रामीण (सुपारी किलर)
करन अनंत (34 वर्ष) – निवासी ग्राम बड़े जरौद, थाना भाटापारा ग्रामीण (सुपारी किलर)
राजेश भारती (32 वर्ष) – निवासी ग्राम दरचुरा, थाना सिमगा (मामा ससुर)
कुसुम जोशी (35 वर्ष) – निवासी ग्राम भोथीडीह, थाना चंदनू, जिला बेमेतरा (मृतक की पत्नी)


पुलिस टीम को इनाम


इस अंधेकत्ल का सफल खुलासा करने एवं आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पूरी पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹5000 का इनाम देने की घोषणा की गई है। सभी आरोपियों को 17 जनवरी 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
 यह मामला रिश्तों में पनपती हिंसा और अपराध की भयावह तस्वीर पेश करता है, जिसमें लालच और नफरत ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *