बलौदाबाजार स्पंज आयरन फैक्ट्री में भीषण हादसा, 6 मजदूरों की मौत

दुर्घटना

सीएम विष्णुदेव साय ने जताया गहरा शोक, जांच के दिए आदेश

भाटापारा | बलौदाबाजार
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। भाटापारा थाना क्षेत्र के बकुलाही इलाके में स्थित एक स्पंज आयरन फैक्ट्री में अचानक हुए भीषण विस्फोट में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 4 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में क्लिनिकल फर्नेस के संचालन के दौरान अचानक जोरदार ब्लास्ट हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए और कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। मलबे में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रशासन के अनुसार, मृत मजदूरों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जांच में विस्फोट का कारण तकनीकी खराबी या फर्नेस में अत्यधिक दबाव माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा।


सीएम विष्णुदेव साय ने जताया शोक


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृत मजदूरों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं तथा हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश भी दिए हैं।
प्रशासन ने फैक्ट्री प्रबंधन से सुरक्षा मानकों और हादसे से जुड़े दस्तावेज तलब किए हैं। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *