टेकारी मड़ई मेले में सरपंच पर जानलेवा हमला, पुलिस कार्रवाई पर भड़की भाजपा, थाने का घेराव

क्राइम

रायपुर | PNB CG NEWS
राजधानी रायपुर से सटे धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत टेकारी में आयोजित मड़ई मेला उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया, जब गांव के सरपंच पर ही जानलेवा हमला कर दिया गया। दबंगों और असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए इस हमले ने न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि पुलिस की भूमिका को लेकर भी गंभीर नाराजगी पैदा कर दी है।

मेला कार्यक्रम के दौरान सरपंच पर हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत टेकारी में मड़ई मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान भाजपा युवा मोर्चा के विधानसभा मंडल मंत्री एवं वर्तमान सरपंच चंद्रकांत वर्मा पर गांव के ही कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर बेरहमी से मारपीट कर सरपंच को अधमरा कर दिया। आरोप है कि हमला पूरी तरह जान से मारने की नीयत से किया गया था। गंभीर रूप से घायल सरपंच को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

घटना के बाद मामला तब और तूल पकड़ गया, जब विधानसभा थाना पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ मामूली धाराओं में प्रकरण दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।

भाजपा कार्यकर्ताओं का थाने का घेराव

पुलिस की कथित ढुलमुल कार्रवाई के विरोध में आज बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और थाने का घेराव किया। यह प्रदर्शन भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा, व्यापार प्रकोष्ठ के नितिन अग्रवाल एवं सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद ठाकुर के नेतृत्व में किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों पर कड़ी धाराएं जोड़कर गिरफ्तारी नहीं की गई, तो चक्काजाम और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

भारी संख्या में जनप्रतिनिधि व ग्रामीण शामिल

इस विरोध प्रदर्शन में जनपद उपाध्यक्ष दिनेश खुटे, चंद्रशेखर वर्मा, भाजपा प्रवक्ता दिनेश अग्रवाल, भाजयुमो प्रभारी सूरज टंडन सहित बड़ी संख्या में पंच, ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक स्वर में मांग

प्रदर्शनकारियों की एक ही मांग रही—
“सरपंच को न्याय दो, गुंडों को जेल भेजो।”
अब देखना यह होगा कि पुलिस 24 घंटे के अल्टीमेटम पर क्या रुख अपनाती है या फिर धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में यह विरोध और उग्र रूप लेता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *