महिला दिवस पर तिल्दा-नेवरा की महिलाओं ने दिया सशक्तिकरण का संदेश

राजनीति

तिल्दा-नेवरा। अंतरराष्ट्रीय International Women’s Day के अवसर पर तिल्दा नेवरा की जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और महिलाओं ने नारी सशक्तिकरण को लेकर अपने विचार साझा किए और महिलाओं को जागरूक रहने का संदेश दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों और सम्मान के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण और विकास के लिए निरंतर कार्य करने का आश्वासन देते हुए सभी महिलाओं को महिला दिवस की बधाई दी।
वहीं पार्षद और भाजपा महिला मोर्चा तिल्दा-नेवरा मंडल की अध्यक्ष रानी सौरभ जैन ने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं और उनके बिना समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के लिए आगे आने और समाज में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समाजसेवी नीलम अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए शिक्षा, आर्थिक स्वतंत्रता और समान अवसर बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं शिक्षित और आत्मनिर्भर होंगी, तभी वे अपने जीवन के महत्वपूर्ण निर्णय स्वयं ले सकेंगी।
गृहणी मंजू शर्मा ने कहा कि महिला दिवस पर महिलाओं के अधिकार, सशक्तिकरण और सम्मान को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जो समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
जिला पंचायत सदस्य एवं महिला मोर्चा जिला ग्रामीण भाजपा महामंत्री स्वाति वर्मा ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश देते हुए कहा कि महिलाएं अपने सपनों को पूरा करने के लिए कभी हार न मानें। आत्मनिर्भर बनकर वे अपने परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
स्वास्थ्य विभाग से ममता सुनानी ने भी महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं समाज की मजबूत आधारशिला हैं और उनके सपनों को पूरा करने तथा अधिकारों की रक्षा के लिए समाज को हमेशा उनके साथ खड़ा रहना चाहिए।
वहीं उपसरपंच तुलसी की मनीषा वर्मा ने महिलाओं से अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।


अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन से जुड़ी समाजसेवी मीरा अग्रवाल ने कहा कि “सशक्त महिलाएं ही सशक्त समाज की आधारशिला होती हैं। शिक्षा ही नारी की सबसे बड़ी शक्ति है।”
महिला दिवस के अवसर पर सभी वक्ताओं ने महिलाओं को शिक्षा, आर्थिक स्वतंत्रता और समान अवसर देने पर जोर देते हुए समाज में नारी सम्मान को बढ़ावा देने की बात कही।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *