तिल्दा-नेवरा:
न्यू छत्तीसगढ़ स्कूल कुकराचुंदा में हिंदू नव वर्ष (नव संवत्सर) का पर्व बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में थाना हथबंद के टी.आई. श्री गोकुल पटेल एवं पैरा लीगल वालेंटियर श्री अजय वर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को महिलाओं के अधिकार, बाल विवाह निषेध एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने समाज में जागरूकता लाने और कानून का पालन करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान शाला परिवार, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने मिलकर 251 दीप प्रज्वलित कर हिंदू नव वर्ष का स्वागत किया। पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
नव संवत्सर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि यह दिन भारतीय संस्कृति में विशेष स्थान रखता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की, माता दुर्गा ने शक्ति की स्थापना की और भगवान श्री रामचंद्र जी का राज्याभिषेक हुआ था। यह पर्व नई ऊर्जा, नए सृजन और सकारात्मक शुरुआत का प्रतीक है।
कार्यक्रम में बच्चों ने संस्कृत श्लोक, प्रार्थना एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। छोटे-छोटे बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर अतिथि भी काफी प्रभावित हुए।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का तिलक लगाकर सम्मान किया गया। शाला के संचालक श्री प्रमोद शुक्ला ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान राजेश साहू, समारु साहू, महरु साहू सहित कई गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे

Editor in Chief
PNBCGNews.in
