PNBCG NEWS तिल्दा नेवरा रायपुर, एडिटर चीफ पवन बघेल
रायपुर, 05 सितम्बर 2025 – तिल्दा नेवरा पुलिस ने करोड़ों रुपये के माल की अफरा-तफरी मामले का पर्दाफाश करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कंपनी का माल नियत स्थान पर न पहुंचाकर अपने साथी के साथ मिलकर बेच दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ट्रक भी जब्त किया है।
मामला क्या है?
प्रार्थी सुतनु गोस्वामी, मैनेजर संभव स्टील ट्यूब्स प्रा.लि. सरोरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कंपनी द्वारा एम.एस. पाइप 35.300 टन (कीमत ₹21,13,377) ट्रक क्रमांक GJ 12 BY 6503 में लोड कर 27 जून 2025 को गुजरात की कंपनी के. मुकंद एंड कंपनी, अहमदाबाद के लिए रवाना किया गया था।
लेकिन 7 जुलाई तक माल गंतव्य तक नहीं पहुंचा। चालक का मोबाइल बंद मिला और ट्रक कंपनी से भी कोई जानकारी नहीं मिली। इस पर थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 289/2025 धारा 316(3) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
ट्रक लावारिस मिला, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जांच के दौरान ट्रक को 10 जुलाई 2025 को मिनी पंजाब ढाबा, परागपुर चौक, थाना मुंद्रा, जिला वेस्ट कच्छ, गुजरात से लावारिस हालत में जब्त किया गया।
मुख्य आरोपी अब्दुल ए. भदाला उर्फ पिंजारी रजक अलीमामद (उम्र 55 वर्ष, निवासी मोटासलाया दामावढ़ी, जिला कच्छ, गुजरात) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने साथी रजक भाई देगड़ा के साथ मिलकर पूरा माल बेच दिया और साथी आरोपी फरार हो गया है।
पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में उप निरीक्षक अरुण भोई, प्र0आर0 राजेश सिकरवार, आरक्षक मधुसूदन वर्मा की टीम ने गुजरात जाकर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, वहीं मुख्य आरोपी रजक भाई देगड़ा की तलाश जारी है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
Angry

Editor in Chief
PNBCGNews.in
