PNBCG NEWS TILDA NEORA
तहसील साहू संघ का शपथ ग्रहण समारोह होगा ऐतिहासिक — दास जी साहू
तिल्दा नेवरा, रायपुर (छ.ग.), 05 अक्टूबर 2025।
छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष एवं वर्तमान रायपुर जिला साहू संघ के उपाध्यक्ष दास जी साहू ने कहा कि “तहसील साहू संघ तिल्दा नेवरा का शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक रूप से आयोजित किया जाएगा। जहां भी समाजहित में सहयोग की आवश्यकता होगी, मैं अपने 113 साथियों और पूरे पैनल के साथ सदैव तत्पर रहूंगा।”
दास जी साहू, जो छह वर्ष पूर्व तहसील साहू संघ तिल्दा नेवरा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं, ने समाज हित में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि तिल्दा नेवरा तहसील का चुनाव जिला साहू संघ के निर्वाचन अधिकारी के नेतृत्व में शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जो पूरे समाज के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने मतदाताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि “लोकतंत्र में मतदाता साक्षात भगवान के समान हैं — वे चाहें तो गरीब को अमीर बना सकते हैं और अमीर को गरीब। मैं उन सभी मतदाता साथियों को हृदय से प्रणाम करता हूँ।”
दास जी साहू ने आगे कहा कि वे स्वयं चाहते थे कि तिल्दा नेवरा तहसील में सभी पदों के लिए निर्विरोध निर्वाचन हो और तिल्दा नेवरा का नाम इतिहास में दर्ज हो, किंतु परिस्थितियों के चलते चुनाव कराना पड़ा।
उन्होंने नवनिर्वाचित तहसील अध्यक्ष मनी (गुरूजी) साहू को ऐतिहासिक मतों से मिली विजय के लिए बधाई देते हुए कहा कि “जब जीत ऐतिहासिक है, तो शपथ ग्रहण भी ऐतिहासिक ही होना चाहिए।”
उन्होंने सुझाव दिया कि शपथ ग्रहण समारोह में छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी, क्षेत्रीय मंत्री श्री टंकराम वर्मा एवं जगतगुरु संत सम्राट खुशवंत साहेब जी, समाजसेवी अनिल अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला वर्मा तथा तिल्दा नेवरा नगर पालिका के सभी 22 पार्षदों को आमंत्रित किया जाए।
दास जी साहू ने कहा कि वे तहसील अध्यक्ष मनी गुरूजी के साथ तन-मन-धन से सहयोग करेंगे और समाज में एकता का संदेश फैलाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा —
“हमारे तहसील के मुखिया मनी गुरूजी के हर आदेश का सम्मान करूंगा। समाज की एकता और सम्मान बनाए रखना ही मेरा धर्म है।”
अंत में दास जी साहू ने भक्त माता कर्मा जी के चरणों में कोटि-कोटि वंदना करते हुए प्रार्थना की कि “तिल्दा नेवरा तहसील पूरे देश में एकता के प्रतीक के रूप में जाना जाए।”
उन्होंने उन लोगों को भी संदेश दिया जो समाज में मतभेद फैलाने की कोशिश कर रहे हैं —
“जो लोग लड़ाने-भिड़ाने की बातें करते हैं, उन्हें भी शुभकामनाएँ, क्योंकि जिनके पास अच्छा करने का समय नहीं होता, वे ऐसी बातें करते रहते हैं। हम सभी को समाजहित में मनी गुरूजी के बताए मार्ग पर चलना है, तभी तिल्दा नेवरा तहसील साहू संघ एकता की मिसाल बनेगा।”
Pnb CG News | तिल्दा नेवरा रिपोर्ट

Editor in Chief
PNBCGNews.in
