PNBCG NEWS TILDA NEORA
रायपुर।
रायपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक श्री अमरेश मिश्रा के निर्देश पर साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन साइबर शील्ड” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल बैंक अकाउंट संवर्धक, फर्जी सिम कार्ड विक्रेता, ब्रोकर एवं ठगी करने वाले कुल 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने यह कार्रवाई रायपुर, दुर्ग, बलौदा बाजार सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ रेड कर की। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में 1236 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें अब तक 77.53 लाख रुपये की ठगी सामने आई है। साथ ही आरोपियों के खातों में मौजूद करीब 2 करोड़ रुपये की राशि को होल्ड कराया गया है।
साइबर क्राइम पोर्टल से मिली जानकारी पर हुई कार्रवाई
रायपुर रेंज साइबर थाना द्वारा भारत सरकार के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) पोर्टल पर रिपोर्टेड म्यूल बैंक अकाउंट की जांच की गई। जांच के दौरान बैंक ट्रांजैक्शन, फर्जी सिम कार्ड, एक व्यक्ति के नाम पर कई खाते और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
ये खाते शेयर ट्रेडिंग फर्जी ऐप, क्रिप्टो करेंसी निवेश, गूगल रिव्यू टास्क, टेलीग्राम टास्क, केवाईसी अपडेट, ऑनलाइन गेमिंग जैसे साइबर अपराधों में उपयोग किए जा रहे थे।
8 टीमों ने मिलकर की कार्रवाई
रेंज साइबर थाना और रायपुर जिले के विभिन्न थानों की 8 विशेष टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने बैंक खातों को किराये पर देते थे या 10 से 20 प्रतिशत कमीशन पर ठगी की रकम आगे उपलब्ध कराते थे।
174.5 करोड़ रुपये के ट्रांजैक्शन का खुलासा
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों द्वारा उपयोग किए गए खातों में कुल 174.5 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ है। पुलिस का कहना है कि आगे की जांच में और भी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
पीड़ितों को राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया जारी
विगत 11 महीनों में फ्रॉड के मामलों में प्रथम लेयर खातों में होल्ड की गई लगभग 7 करोड़ रुपये की राशि न्यायालय के आदेश से पीड़ितों को लौटाने की प्रक्रिया चल रही है, जिसमें से 4 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वापस कराई जा चुकी है।
अलग-अलग बैंकों में दर्ज प्रकरण
इंडसइंड बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, DCB बैंक, IDBI बैंक, यूको बैंक और पंजाब नेशनल बैंक रायपुर शाखाओं में खुले म्यूल खातों से जुड़े कुल 6 मामलों में अलग-अलग थानों में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने इस मामले में 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें रायपुर, दुर्ग, भिलाई, आरंग, धरसींवा और भाटापारा क्षेत्र के आरोपी शामिल हैं।
पुलिस की अपील
रायपुर रेंज पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, सिम कार्ड या ओटीपी किसी को भी न दें और किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल या नजदीकी थाने में दें।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
Angry

Editor in Chief
PNBCGNews.in
