थाना सकरी पुलिस ने 20 दिन पुराने अंधेकत्ल के मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी पहले से ही अन्य मामले में जेल में निरुद्ध है। पुलिस ने यह कार्रवाई ह्यूमन इंटेलिजेंस, स्थानीय सूत्रों और लगातार सर्विलांस के माध्यम से की।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 08 दिसंबर 2025 को संजू साहनी ने थाना सकरी में मर्ग सूचना दर्ज कराई थी कि उसके पिता प्रहलाद साहनी 07 दिसंबर को हिर्री माइंस इंद्रपुरी से बिलासपुर के लिए निकले थे, जिनका शव 08 दिसंबर को सकरी शराब भट्ठी के पास संदिग्ध अवस्था में मिला। इस पर मर्ग क्रमांक 115/2025 दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें शरीर पर चोट के निशान पाए गए।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। एक कैमरे में केवल ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली, जिसमें घटना की रात लगभग 11:30 बजे गाली-गलौच और बहस की आवाजें सुनाई दीं। मृतक के परिजनों ने ऑडियो में गाली देने वाली आवाज को प्रहलाद साहनी की पहचान की, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिला।

इसी बीच, घटना के अगले दिन आरोपी प्रियनाथ वर्मा उर्फ बाबू अंडा एक अन्य अपराध में गिरफ्तारी के लिए स्वयं थाना पहुंचा, जिससे उसके आचरण पर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद सकरी पुलिस ने लगभग 20 दिनों तक सतत निगरानी और ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ीं।
जांच में सामने आया कि 07 दिसंबर की रात मृतक शराब के नशे में सकरी शराब दुकान के पास गाली-गलौच कर रहा था। शोर सुनकर पास में रहने वाले पुरूषोत्तम वर्मा उर्फ आसाराम, प्रियांशु वर्मा और प्रियनाथ वर्मा उर्फ बाबू अंडा वहां पहुंचे और उसे चिल्लाने से मना किया। विवाद बढ़ने पर तीनों ने मृतक के साथ मारपीट की, जिससे वह मौके पर गिर पड़ा। आरोपी उसे वहीं छोड़कर चले गए और अगली सुबह उसका शव मिला।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पूछताछ में पुरूषोत्तम वर्मा उर्फ आसाराम (19 वर्ष) एवं प्रियांशु वर्मा (19 वर्ष), दोनों निवासी बजरंगपारा, थाना सकरी, ने अपराध स्वीकार किया। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। तीसरा आरोपी प्रियनाथ वर्मा उर्फ बाबू अंडा (25 वर्ष) पहले से ही अन्य मामले में जेल में निरुद्ध है।
सकरी पुलिस की इस कार्रवाई से 20 दिन पुराने अंधेकत्ल का पर्दाफाश हुआ है, जिसे पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
Angry

Editor in Chief
PNBCGNews.in
