नन्हे कृष्ण-राधा की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा सभी का मन
तिल्दा-नेवरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा सेवाकेंद्र में जन्माष्टमी उत्सव बड़े ही उमंग, उत्साह एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में नन्हे-नन्हे बच्चों ने श्रीकृष्ण एवं राधा की मनमोहक वेशभूषा में सुंदर प्रस्तुतियां देकर पूरे सभागार को कृष्णमय कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान कृष्ण-राधा के मधुर भजनों पर खुशी, मीठी, राशिका, उदय एवं तोशिका ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। वहीं यशोदा मैया की सुंदर वेशभूषा में खुशबू बहन ने अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से सभी का मन जीत लिया। नन्हे कलाकारों की मासूमियत, सुंदर वेशभूषा एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को खूब आनंदित किया और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा की मुख्य संचालिका बीके प्रियंका बहन ने सभी उपस्थित भाई-बहनों एवं नगरवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नन्हे कलाकारों की सुंदर प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागी बच्चों को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
जन्माष्टमी के आध्यात्मिक संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन भी आनंद एवं उल्लास से हुआ। अंत में उपस्थित भाई-बहनों ने नन्हे कृष्ण-राधा के रूप में सजे बच्चों के साथ रास-गरबा का आनंद लिया। कृष्ण भक्ति के गीतों पर सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके पश्चात सभी ने माखन-मिश्री का प्रसाद ग्रहण कर अपना मुख मीठा किया। पूरे आयोजन में आध्यात्मिकता, संस्कृति, भक्ति एवं आनंद का सुंदर संगम देखने को मिला।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
Angry

Editor in Chief
PNBCGNews.in
