सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, बारिश में पानी भरने से राहगीरों की बढ़ी परेशानी; ग्रामीणों ने की शीघ्र मरम्मत की मांग
तिल्दा-नेवरा। कोहका से घुलघुल को जोड़ने वाला मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान सड़क और मार्ग में बने छोटे पुल पर पानी जमा होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह मार्ग आसपास के गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इसी मार्ग से बाजार, कामकाज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आवाजाही करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को गड्ढों से बचकर बेहद सावधानी से गुजरना पड़ता है।
रात में दुर्घटना का खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर बने गड्ढे आसानी से दिखाई नहीं देते। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। वहीं छोटे पुल की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। पुल से गुजरते समय वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रही है। बदहाल मार्ग के कारण आवागमन में अधिक समय लगने के साथ ही वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की आशंका भी बनी रहती है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने संबंधित विभाग एवं जनप्रतिनिधियों से मार्ग का शीघ्र निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत कराने तथा छोटे पुल में आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।

What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
Angry

Editor in Chief
PNBCGNews.in
