दिनेश यदु बोले- डबल इंजन भाजपा सरकार की बत्ती गुल करेगी जनता
तिल्दा-नेवरा। स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल और महंगी बिजली के खिलाफ कांग्रेस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-महामंत्री एवं वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश यदु ने वरिष्ठ नेताओं और स्थानीय मंडल अध्यक्षों की टीम के साथ तिल्दा-नेवरा के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से मुलाकात कर स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल को लेकर उनकी समस्याएं सुनीं।
जनसंपर्क अभियान से पहले दिनेश यदु ने मंडल अध्यक्ष विजय हरिरामानी एवं गोवर्धन यदु, जिला उपाध्यक्ष सुनील सोनी सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पार्टी की जनहित गतिविधियों और महंगी बिजली एवं स्मार्ट मीटर के खिलाफ जनता के विरोध को आंदोलन का रूप देने को लेकर चर्चा की गई।
इसके बाद वार्ड क्रमांक 7, 12, 13 एवं 18 में कांग्रेस नेताओं ने घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद किया। इस दौरान लोगों ने स्मार्ट मीटर से आने वाले बिजली बिल और बढ़ती बिजली दरों को लेकर अपनी परेशानियां बताईं।
दिनेश यदु ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय हाफ बिजली बिल योजना संचालित थी, जिसे वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली की कीमतों और टैरिफ में बढ़ोतरी से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। महंगाई और बेरोजगारी के दौर में लोगों के लिए भोजन और शिक्षा जैसे जरूरी खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है, ऐसे में स्मार्ट मीटर के कथित अनाप-शनाप बिल का अतिरिक्त बोझ जनता कैसे बर्दाश्त करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी। यदि सरकार ने स्मार्ट मीटर हटाने और बिजली की कीमतों को कम करने की दिशा में तत्काल कदम नहीं उठाया तो जनता भाजपा सरकार की बत्ती गुल करने का काम करेगी।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अयाज अहमद फारूकी ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के नाम पर सत्ता में आने वाली भाजपा सरकार अब नए-नए तरीकों से आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।
इस अभियान में मंडल अध्यक्ष विजय हरिरामानी, गोवर्धन यदु, जिला बलौदाबाजार उपाध्यक्ष समीर अग्रवाल, सुनील सोनी, जिला पदाधिकारी नीरज राठी, कैलाश गांधी, सुखदेव साहू, रोमेश जायसवाल सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल रहे।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
Angry

Editor in Chief
PNBCGNews.in
