जुलूस एवं विसर्जन के दौरान अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन रहेगा पूर्णतः प्रतिबंधित
। आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना तिल्दा-नेवरा परिसर में पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणेश उत्सव समितियों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य जिम्मेदार नागरिकों को शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (विधानसभा) वीरेंद्र चतुर्वेदी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोठारी, थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा रमाकांत तिवारी एवं तहसीलदार रामप्रसाद बघेल सहित गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी व सदस्य, नगरपालिका के जनप्रतिनिधि, सरपंच, कोटवार एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
जुलूस और विसर्जन को लेकर विशेष निर्देश
पुलिस एवं प्रशासन ने गणेश समितियों को निर्देशित किया कि उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, ध्वनि सीमा, जुलूस एवं विसर्जन व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। जुलूस अथवा विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
अधिकारियों ने कहा कि गणेश उत्सव आस्था, श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। इसलिए सभी समितियां प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाकर जिम्मेदारीपूर्वक आयोजन करें। ऐसी कोई गतिविधि न की जाए, जिससे आम नागरिकों को परेशानी हो या शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित हो।
धार्मिक मान्यता के अनुरूप करें गणेश प्रतिमा का विसर्जन
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने गणेश समितियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि गणेश भगवान की प्रतिमा का विसर्जन धार्मिक एवं हिन्दू मान्यताओं के अनुसार शांतिपूर्ण ढंग से किया जाए। विसर्जन के दौरान निर्धारित व्यवस्था एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
पुलिस ने यह भी कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति या विवाद की संभावना होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सभी समितियां अपने आयोजन में अनुशासन बनाए रखें और प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें।
जनप्रतिनिधियों एवं समितियों ने दिया सहयोग का आश्वासन
बैठक में उपस्थित गणेश उत्सव समितियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पुलिस एवं प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा शासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला, अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. खुमान वर्मा, सभापति ईश्वर यदु, सतीश निषाद, पार्षद रानी सौरभ जैन, पार्षद प्रतिनिधि प्रेम कोसले, सौरभ जैन सहित पार्षदगण, एल्डरमैन, सरपंचगण, कोटवारगण, गणेश पूजा समितियों के सदस्य एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
तिल्दा-नेवरा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा गणेश उत्सव के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
Angry

Editor in Chief
PNBCGNews.in
