प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान, डॉक्टर बलराम टहिलियानी ने दिया सफलता का मंत्र

Fashion

तिल्दा-नेवरा अंचल के हाईस्कूल व हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026 के मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान

तिल्दा-नेवरा। बद्रीनारायण बगड़िया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवरा में विद्यालय के भूतपूर्व विद्यार्थियों के सौजन्य से गठित डॉक्टर बलराम उद्धवदास टहिलियानी प्रतिभा सम्मान परिवार द्वारा प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तिल्दा-नेवरा अंचल के हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 2026 और हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा 2026 के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।


समारोह में हाईस्कूल परीक्षा के तीन प्रतिभावान बालक एवं तीन बालिकाओं तथा हायर सेकेंडरी परीक्षा के तीन प्रतिभावान बालक एवं तीन बालिकाओं को मोमेंटो, ₹500 नगद, प्रमाण पत्र एवं पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका तिल्दा-नेवरा की वार्ड पार्षद रानी सौरभ जैन ने भी विद्यार्थियों को आकर्षक उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूज्य सिंधी पंचायत तिल्दा कैंप के अध्यक्ष शमनलाल खूबचंदानी रहे, जबकि अध्यक्षता समाजसेवी हीरानंद हरिरामानी ने की। समारोह में विद्यालय के पूर्व छात्र एवं प्रतिभा सम्मान परिवार के प्रमुख डॉ. बलराम उद्धवदास टहिलियानी एवं उनकी पत्नी विद्या टहिलियानी सहित विकासखंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर सिन्हा, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लखेश्वर जाहिरे, राजेश सतपाल, किशोर सेतपाल, खेमचंद विरानी, डॉ. चोइथमल बजाज, ओम गोयल, कृष्ण मुरारी वर्मा, धनराज खत्री, कन्हैया जोतवानी, महात्मा सुंदरदास जेसवानी, चिकित्सक डॉ. ज्योति सुखवानी, सौरभ जैन, किशोर रोहरा, डॉ. लक्ष्मण साहू सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों ने डॉ. टहिलियानी की पहल को सराहा

सम्मानित विद्यार्थियों में अंकित झा, यश शर्मा, सौम्या साहू और मिशा दुलवानी सहित अन्य विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक कार्यक्रम में शामिल हुए। विद्यार्थियों अंकित झा, विनायक अग्रवाल और यश बघेल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. बलराम टहिलियानी की पहल के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित करने से उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने डॉ. टहिलियानी के जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

डॉ. बलराम और उनके सहपाठी हमारे प्रेरणा स्रोत रहे’

मुख्य अतिथि शमनलाल खूबचंदानी ने अपने संबोधन में डॉ. बलराम टहिलियानी के साथ विद्यालय में बिताए दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी दोनों की सक्रिय भागीदारी रहती थी। उन्होंने डॉ. टहिलियानी को अपने और सहपाठियों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।

कृष्ण मुरारी वर्मा ने डॉ. बलराम टहिलियानी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें एक अच्छे चिंतक और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में याद किया। वहीं समाजसेवी हीरानंद हरिरामानी ने कहा कि वे और डॉ. बलराम टहिलियानी इस विद्यालय के शाला नायक रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2025 से शुरू किए गए इस प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलती है और वे अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित होते हैं।

डॉ. बलराम ने विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र

गीता मर्मज्ञ डॉ. बलराम उद्धवदास टहिलियानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में विभिन्न महापुरुषों से प्रेरणा लेकर सकारात्मक सोच के साथ मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, सत्यता और अनुशासन को जीवन में अपनाने तथा अपने माता-पिता, गुरुजनों और बड़ों का सम्मान करने की अपील की।

उन्होंने अपने गुरुजनों खोरबहरा राम वर्मा, खूबी राम वर्मा और गंगाधर झा तथा अपने माता-पिता को याद करते हुए कहा कि वे आज जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनके गुरुजनों, माता-पिता और सहपाठियों के आशीर्वाद का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत कर समाज की मजबूत नींव बनने और एक अच्छे नागरिक के रूप में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों के विद्यालयों के प्राचार्य वासुदेव साहू एवं राजेंद्र बंजारे सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त योग शिक्षक केंद्र प्रसाद वर्मा ने किया। अंत में संस्था के प्राचार्य राजेश चंदानी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *