PNBCG NEWS TILDA NEORA
तिल्दा नेवरा।
राज्य सरकार की बहुचर्चित महतारी वंदन योजना अब लोगों के बीच नाराजगी का कारण बनती जा रही है। विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा सरकार ने महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का वादा करते हुए इस योजना की घोषणा की थी। सत्ता में आने के बाद शुरुआती कुछ महीनों तक महिलाओं के खातों में किस्त की राशि भी पहुंची, लेकिन अब कई लाभार्थियों के खाते खाली पड़े हैं।
समाजसेवी संस्था “संजीवनी रक्तदाता संघ” के अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह चौहान ने बताया कि तिल्दा नेवरा क्षेत्र की अनेक महिलाओं ने इस योजना के लिए बैंक ऑफ इंडिया में खाते खुलवाए थे। बावजूद इसके, कई खाताधारकों को अब तक योजना की राशि प्राप्त नहीं हुई है।
उनका कहना है कि —
“जब महिलाएं बैंक में पूछताछ करने जाती हैं तो कर्मचारियों द्वारा ‘केवाईसी’ अपडेट करने की बात कही जाती है। कई महिलाओं ने केवाईसी भी करवा लिया, फिर भी राशि नहीं आई। बैंक कर्मियों का कहना है कि नगर पालिका से जानकारी लो, वहीं नगर पालिका के पार्षद इसे बैंक की गलती बता रहे हैं।”
चौहान ने आगे कहा कि रोज़ मजदूरी कर जीवनयापन करने वाली माताएं और बहनें इस योजना पर भरोसा करके बैठी थीं। अब जब पैसे नहीं मिल रहे हैं, तो उनके सामने बिजली बिल और घर खर्च के बीच बड़ी उलझन खड़ी हो गई है।
स्थानीय महिलाओं का कहना है कि न तो वार्ड पार्षद समस्या सुन रहे हैं, न नगर पालिका अधिकारी कोई ठोस जवाब दे रहे हैं। ऐसे में जनता सवाल उठा रही है —
“क्या हमने अपने प्रतिनिधियों को सिर्फ चुनाव जीतने के लिए चुना था?”
इस पूरे मामले में प्रशासनिक लापरवाही और संचालन में गड़बड़ी की चर्चा आम लोगों के बीच जोरों पर है। अब देखना यह होगा कि शासन-प्रशासन इस योजना में सुधार के लिए क्या कदम उठाता है।

Editor in Chief
PNBCGNews.in
