नाबालिगों के हाथों में चाकू पहुंचने से रोकने तिल्दा-नेवरा पुलिस का विशेष अभियान

Fashion

वेल्डिंग-फैब्रिकेशन दुकानों, लोहारों और चाकू धार करने वालों को सख्त निर्देश, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

तिल्दा-नेवरा। नाबालिगों द्वारा चाकू एवं अन्य धारदार हथियार लेकर घूमने की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाने तथा चाकूबाजी जैसी घटनाओं की संभावनाओं को खत्म करने के उद्देश्य से तिल्दा-नेवरा पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत पुलिस ने हथियारों की आसान उपलब्धता पर रोक लगाने के साथ-साथ नाबालिगों और उनके अभिभावकों को भी जागरूक करना शुरू किया है।

थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र की वेल्डिंग एवं फैब्रिकेशन दुकानों, लोहारों तथा चाकू और धारदार औजारों की धार करने वाले कारोबारियों से संपर्क कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों को बड़े अथवा धारदार चाकू उपलब्ध न कराएं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

नाबालिग चाकू खरीदने या धार कराने आए तो बरतें विशेष सतर्कता

पुलिस ने दुकानदारों और कारोबारियों को चाकू एवं धारदार औजारों की बिक्री अथवा धार करने के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा है। खासकर कम उम्र के बच्चों द्वारा बड़े या धारदार चाकू खरीदने अथवा धार कराने के लिए आने पर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यदि किसी नाबालिग के पास चाकू या अन्य धारदार हथियार पाया जाता है और उसका संबंध किसी आपराधिक घटना से सामने आता है, तो हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जाएगी। परिस्थितियों और लागू कानून के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सुभाष चौक समेत विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची पुलिस टीम

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सुभाष चौक सहित तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के विभिन्न वेल्डिंग-फैब्रिकेशन दुकानों, लोहार दुकानों और चाकू धार करने वाले स्थानों का भ्रमण किया। संचालकों को समझाइश देते हुए संदिग्ध गतिविधियों और हथियारों के संभावित दुरुपयोग की सूचना पुलिस को तत्काल देने कहा गया।

नाबालिगों को भी किया जा रहा जागरूक

पुलिस द्वारा दुकानदारों के साथ-साथ नाबालिगों को भी धारदार हथियारों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बच्चों को समझाया जा रहा है कि चाकू या किसी अन्य धारदार हथियार को अपने पास रखना अथवा लेकर घूमना उनके लिए भी खतरनाक है। छोटी-सी कहासुनी या विवाद में हथियार का इस्तेमाल गंभीर अपराध का कारण बन सकता है और इससे उनका भविष्य प्रभावित हो सकता है।

पुलिस ने नाबालिगों से विवादों से दूर रहने, हथियार नहीं रखने और किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की अपील की है।

अभिभावकों से भी पुलिस की अपील

तिल्दा-नेवरा पुलिस ने अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उनके साथ नियमित संवाद करने की अपील की है। बच्चों के पास चाकू या कोई अन्य धारदार हथियार दिखाई देने पर उन्हें समझाइश देकर हथियार से दूर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को सूचना देने कहा गया है।

अपराध के बाद कार्रवाई नहीं, अपराध से पहले रोकथाम पर जोर

तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा अपराध होने के बाद कार्रवाई के साथ-साथ अपराध होने से पहले उसकी रोकथाम की रणनीति पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में चाकू एवं धारदार औजारों की बिक्री, निर्माण और धार करने वाले स्थानों की निगरानी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने निर्देश दिए हैं कि नाबालिगों को अपराध की प्रवृत्ति से दूर करने के साथ-साथ कम उम्र के बच्चों तक धारदार अथवा घटना में इस्तेमाल हो सकने वाली वस्तुओं की पहुंच के माध्यम पर भी निगरानी रखी जाए। ऐसी वस्तुओं के संभावित दुरुपयोग अथवा किसी घटना के बाद संबंधित व्यक्तियों की भूमिका सामने आने पर परिस्थितियों एवं लागू कानून के अनुसार कार्रवाई पर बल दिया जाएगा।

इसके अलावा तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया समूहों में युवाओं एवं नाबालिगों की अवांछित गतिविधियों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस का उद्देश्य नाबालिगों तक धारदार हथियारों की आसान पहुंच को रोकना, चाकूबाजी की घटनाओं की संभावनाओं को कम करना और क्षेत्र में सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखना है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *